मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाखों श्रद्धालुओं को हो रहा लाभः विधायक मुकेश शर्मा
नई दिल्ली/गुरुग्राम, 5 मई- हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत तख्त सचखंड़ श्री हुजुर साहिब नांदेड़ के लिए कुरुक्षेत्र से रवाना हुई ट्रेन मंगवार शाम को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन में हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने वाले पवलव और फरीदाबाद जिला के 38 यात्री रवाना हुए। सफदरजंग से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा ने रवाना किया।
ट्रेन रवाना करने से पहले संबोधित करते हुए विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का हरियाणा प्रदेश के लाखों श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं। इस योजना के लाभार्थी अयोध्या, प्रयागराज जैसे आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना की जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है। योजना की लोकप्रियता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि अन्य प्रदेश भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। भारत देश की सभ्यता और संस्कृति बड़ी समृद्ध है, जिसमें हजारों साल पुराने वे धार्मिक स्थल हैं, जिनकी पौराणिक मान्यता है। हर धार्मिक प्रवृत्ति का इंसान चाहता है कि उनको ऐसे स्थानों पर जाने का अवसर मिले। यही अवसर सरकार ने प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि इस योजना में सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवा रही है। इस योजना में वे परिवार आते हैं, जिनकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए तक या इससे कम है।
श्रद्धालुओं में यात्रा का उत्साह
विधायक श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर बेहद उत्साह है। जो यात्री कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत से चलकर दिल्ली सफदरजंग पहुंचे थे, वे बेहद उत्साही थे। जयकारों, शब्द कीर्तन के साथ यात्रा तख्त हुजुर साहिब श्री नांदेड़ साहिब के लिए रवाना हुई है। कुरुक्षेत्र में यात्रा को रवाना मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके उपरांत अन्य जिलों में भी श्रद्धालु इस ट्रेन में सवार हुए। उन्हें बेहद खुशी है कि सफदरजंग रेलवे स्टेशन से 38 यात्री रवाना हुए हैं। इनमें 23 यात्री फरीदाबाद से हैं वहीं 15 यात्री पलवल से हैं। सभी श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया। विधायक श्री मुकेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने जिन भी श्रद्धालुओं से बात की उन्होंने यात्रा को लेकर प्रशंसा की।
अंत्योदय सरल पोर्टल पर करवाएं रजिस्ट्रेशन
विधायक श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक श्रद्धालुओं को अंत्योदय सरल पोर्टल पर जाकर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। पात्र व्यक्ति का जैसे ही रजिस्ट्रेशन होगा, इसके उपरांत जैसे ही यात्रा जाएगी, उनसे विभाग द्वारा स्वयं संपर्क साधा जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही गुरुग्राम जिला के श्रद्धालुओं की यात्रा भी तख्त सचखंड़ श्री हुजुर साहिब नांदेड़ जाएगी। उन्होंने यात्रा कर रहे सभी श्रद्धालुओं को उनकी सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी।
