सोशल मीडिया पर गहने-जेवरात दिखाना पड़ा महंगा, यूट्यूबर के घर लाखों की सेंध
रात 2 बजे वारदात को दिया अंजाम
रचना गुर्जर ने बताया कि घटना रात करीब 2 बजे की है, जब पूरा परिवार सो रहा था। चोरों ने परिवार को कमरे में बंद कर दिया और आराम से घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। उन्होंने बताया कि बदमाश सोने-चांदी के जेवर, नकदी और एक एनर्जी ड्रिंक का कार्टन तक साथ ले गए।
CCTV कैमरों का एंगल भी बदला
रचना के मुताबिक, चोरों ने पकड़े जाने से बचने के लिए CCTV कैमरों का रुख भी बदल दिया। आशंका है कि उन्होंने डंडे की मदद से कैमरों का एंगल घुमाया ताकि उनके चेहरे रिकॉर्ड न हो सकें। सुबह करीब 4 बजे परिवार की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें बाहर निकाला गया।
सोशल मीडिया पोस्ट जांच के दायरे में
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को शक है कि आरोपियों को घर की बनावट, दिनचर्या और कीमती सामान की जानकारी पहले से थी। जांच में यह भी सामने आया है कि रचना गुर्जर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और उनके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में कुछ वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें घर के विभिन्न हिस्से, जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान दिखाई दे रहे थे।
क्या सोशल मीडिया बना चोरी की वजह?
पुलिस अभी सोशल मीडिया पोस्ट और चोरी के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं कर रही है, लेकिन जांचकर्ताओं का मानना है कि इन वीडियो से चोरों को घर का नक्शा, सुरक्षा व्यवस्था और कीमती सामान की जानकारी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर नकाबपोश बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
