JE Arrest: बिजली निगम का जेई 75000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, मीटर बदलने की एवज में मांग रहा था रिश्वत

 
JE Arrest: बिजली निगम का जेई 75000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, मीटर बदलने की एवज में मांग रहा था रिश्वत

जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी इंजीनियर की पहचान अनिरुद्ध शर्मा के रूप में हुई है, जो जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JPDCL) के सब डिवीजन कटड़ा में तैनात था.

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने एक शिकायतकर्ता से बिजली मीटर बदलने और मासिक बिल कम करने के बदले 75,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय सीधे ACB से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी.

शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले की गुप्त जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद FIR नंबर 07/2026 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 07 के तहत मामला दर्ज किया गया.

जांच के दौरान एक विशेष ट्रैप टीम बनाई गई, जिसकी अगुवाई डीएसपी स्तर के अधिकारी ने की. टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को 75,000 रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. इस दौरान स्वतंत्र गवाह भी मौके पर मौजूद थे.

ACB ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली. इसके अलावा आरोपी के घर पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी भी ली गई.