सिरसा में इनरव्हील क्लब ने 15 जरूरतमंद बेटियों को सिलाई मशीनें भेंट कर किया आत्मनिर्भरता का आगाज़
Apr 11, 2026, 23:18 IST
सिरसा। इनरव्हील क्लब सिरसा द्वारा जन शिक्षण संस्थान सिरसा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए 15 गरीब एवं जरूरतमंद प्रशिक्षित लड़कियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची क्लब की जिला समन्वयक नीता पुरी और क्लब प्रधान अंजु शारदा ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया और भविष्य में भी ऐसी सेवा गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।
संस्थान के निदेशक धर्मपाल गर्ग ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और बताया कि इन मशीनों की मदद से ये बेटियां अब स्वरोजगार अपनाकर अपने परिवार का आर्थिक सहारा बन सकेंगी। इस दौरान मंच संचालन सहायक कार्यक्रम अधिकारी महेश कुमार द्वारा किया गया, जबकि क्लब सचिव श्वेता गुप्ता सहित संस्थान का समस्त स्टाफ और क्लब के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
