स्वतंत्र पत्रकारिता महान राष्ट्र के निर्माण में अहम - गजेंद्र फौगाट
रोहतक, 3 मई : मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फौगाट ने कहा है कि पत्रकारिता राष्ट्र निर्माण की दिशा में अहम भूमिका निभाती है। वे विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कला परिषद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सन्देश दे रहे थे। इस अवसर पर अनेकों पत्रकारों, बुद्धिजीवियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता के महत्व को उजागर करना एवं लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालना रहा।
कार्यक्रम में फौगाट ने अपने संबोधन में कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी स्वतंत्रता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया विश्लेषक आनंद हुड्डा ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन पत्रकारों को सत्य और निष्पक्षता के मार्ग पर चलते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया और मीडिया के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में प्रेस स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर खुली चर्चा भी हुई, जिसमें पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और प्रेस की स्वतंत्रता को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संजय राठी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी, दीपक जांगड़ा, रतन चंदेल, सुकरमपाल, डॉ. रमेश देहराज, संजय, जोगेंद्र खुंडिया, अमित दहिया, सुनील सैनी, विनोद भूषण, जे पी गौड़, मोनू समेत अनेकों पत्रकार व प्रबुद्ध व्यक्तिगण उपस्थित रहे।
