महाराजा अग्रसैन ग्लोबल सिटी परियोजना को शीघ्र साकार करने का
मुख्यमंत्री से किया आग्रह, डॉ. कमल गुप्ता ने रखीं हिसार शहर के विकास
की 13 प्रमुख मांगें

 
महाराजा अग्रसैन ग्लोबल सिटी परियोजना को शीघ्र साकार करने का मुख्यमंत्री से किया आग्रह, डॉ. कमल गुप्ता ने रखीं हिसार शहर के विकास की 13 प्रमुख मांगें

 चंडीगढ़/हिसार, 5 सितम्बर । पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री
डॉ. कमल गुप्ता ने गत दिवस रात्रि हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह
सैनी से चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट
की। इस अवसर पर डॉ. गुप्ता ने मुख्यमंत्री को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर
मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
शिष्टाचार भेंट के उपरांत दोनों नेताओं के बीच हिसार के समग्र विकास से
जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. कमल गुप्ता
ने मुख्यमंत्री के समक्ष सबसे पहले महाराजा अग्रसैन ग्लोबल सिटी (अग्रोतक
)परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने
कहा कि लगभग 2231 वर्ग किलोमीटर (5,51,159 एकड़) क्षेत्र में प्रस्तावित
यह महत्वाकांक्षी परियोजना हिसार सहित पूरे हरियाणा के औद्योगिक, आर्थिक,
शैक्षणिक, पर्यटन एवं रोजगार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी और
विश्व की सबसे बड़ी विकास परियोजनाओं में से एक सिद्ध होगी।
डॉ. गुप्ता ने मुख्यमंत्री को स्मरण कराया कि अग्रोहा को विश्व
पुरातात्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने तथा इसे प्रमुख पर्यटन एवं
सांस्कृतिक धरोहर केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री
पूर्व में अपनी सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर चुके हैं। उन्होंने आग्रह
किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र स्वीकृति एवं आवश्यक
प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर अमलीजामा पहनाया जाए।
बैठक के दौरान डॉ. कमल गुप्ता ने हिसार में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट
स्टेडियम के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ-साथ हिसार को विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना
की भी आवश्यकता है, जिससे क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर
सुविधाएं मिल सकें और हिसार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर
अपनी सशक्त पहचान बना सके।
इसके अतिरिक्त डॉ. कमल गुप्ता ने हिसार विधानसभा क्षेत्र के विकास से
संबंधित 12 अन्य महत्वपूर्ण मांगों का विस्तृत ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को
सौंपा। इनमें हिसार में हरियाणा का पहला आईआईटी केंद्र स्थापित करना,
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज, आईसीसीसी सेंटर,
ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क, महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के फेज-2 का शीघ्र
निर्माण, मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम, ट्रांसपोर्ट नगर, नया नागरिक अस्पताल
परिसर, नया बस अड्डा परिसर तथा हिसार में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की
अलग बेंच स्थापित करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर डॉ. कमल गुप्ता ने राष्ट्रीयकृत शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता
पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक बच्चे को, चाहे वह किसी
भी आर्थिक या सामाजिक वर्ग से हो, समान गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध
कराना समय की मांग है। शिक्षा में समान अवसर, आधुनिक संसाधन, प्रशिक्षित
शिक्षक और एक समान गुणवत्ता मानक विकसित भारत की मजबूत नींव सिद्ध होंगे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. कमल गुप्ता द्वारा प्रस्तुत सभी
मांगों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक विचार करते
हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हिसार के विकास से
जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय पर सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर
रही है और जनहित में सभी व्यवहारिक प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी।