Haryana Weather Update: हरियाणा में 16 सितंबर के बाद फिर से एक्टिव होगा मानसून, IMD ने जारी किया ये अपडेट

 
Monsoon will be active again in Haryana after September 16

Haryana Weather Update: हरियाणा के मौसम को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। यह अपडेट चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी किया गया है। 

दरअसल, कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ का कहना है कि मानसून टर्फ श्री गंगानगर, बरेली, बाराबंकी, देहरी, पुरुलिया, दीघा होते हुए  उत्तरपूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है । वहीं हिमाचल प्रदेश पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बने होने के कारण नमी वाली हवाएं तराई वाले क्षेत्रों और हिमालय की तलहटियों की तरफ चलने से हरियाणा में मानसून की सक्रियता में 16 सितंबर तक कमी रहेगी। हालांकि, प्रदेश में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है।

फिर से एक्टिव होगा मानसून

इस दौरान उत्तर क्षेत्र के जिलों (अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत) में आंशिक बादलवाई रहेगा। वहीं कहीं कहीं हवाओं व गरजचमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा के पश्चिमी क्षेत्र के जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, जींद, रोहतक, झज्जर) और दक्षिणी क्षेत्र के जिलों (महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलवल) जिलों में वातावरण में नमी की अधिकता और तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। इस दौरान आंशिक बादलवाई  रहेगी और  कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, 16 सितंबर के बाद मानसून की सक्रियता एक बार फिर से बढ़ने की संभावना बन रही है।