हरियाणा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ, 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे नामांकन

 
हरियाणा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ, 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे नामांकन
हिसार, 15 अप्रैल। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। यह चुनाव ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों तथा जिला परिषदों के रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से आयोजित किए जाएंगे।

यह जानकारी देते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) महेंद्र पाल ने बताया कि जारी शेड्यूल अनुसार चुनाव प्रक्रिया बुधवार से प्रारंभ हो गई है। नामांकन पत्र 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को की जाएगी। 

उन्होंने बताया कि नाम वापसी की अंतिम तिथि 28 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है और इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन भी किया जाएगा। मतदान 10 मई को प्रात: 8 बजे से सायं 6 बजे तक संपन्न कराया जाएगा और मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद की जाएगी तथा परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने बताया कि यदि किसी कारणवश री-पोल की आवश्यकता होती है, तो यह 12 मई को आयोजित किया जाएगा और इसकी मतगणना भी मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

---------------------

--------------


उकलाना नगर समिति चुनाव के दृष्टिगत आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित हो : जिला निर्वाचन अधिकारी

हिसार, 15 अप्रैल। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार जिला हिसार के उकलाना नगर समिति में प्रधान एवं वार्ड सदस्यों के चुनाव के दृष्टिगत संबंधित क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू की गई है। सभी अधिकारी व कर्मचारी आदर्श आचार संहिता की अनुपालना को सुनिश्चित करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल ने बताया कि निर्धारित शैड्यूल अनुसार नामांकन पत्र 21 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक भरे जाएंगे तथा मतदान 10 मई को कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि रि-पोल की आवश्यकता हुई तो 12 मई को आयोजित किया जाएगा तथा मतगणना 13 मई को प्रात: 8 बजे से निर्धारित स्थानों पर की जाएगी और परिणाम मतगणना पूर्ण होते ही घोषित कर दिए जाएंगे।

 ---------------
-------------

हरियाणा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ, 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे नामांकन

विकसित भारत के लक्ष्य के प्राप्त करने के लिए महिलाओं को सशक्त करना अनिवार्य : रेणु भाटिया

नारी शक्ति वंदन अधिनियम केन्द्र सरकार का क्रांतिकारी कदम : आशा खेदड़

अधिनियम का स्वागत करते हुए नारी शक्ति वंदन संकल्प यात्रा का आयोजन-

हिसार, 15 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बुधवार को नारी शक्ति वंदन संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही जबकि जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने अध्यक्षता की। आजाद नगर स्थित गोदारा पेट्रोल पंप से संत कबीर छात्रावास तक निकाली इस पद यात्रा में भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रेणु भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने महिलाओं को आरक्षण देने का निर्णय लेकर ऐतिहासिक कार्य किया है। पहले महिलाओं को चूल्हे चौके तक सीमित समझा जाता था लेकिन मोदी सरकार ने महिलाओं की भागीदारी की अहमियत समझे और उन्हें उनके अधिकार देते हुए यह अधिनियम लागू करने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि यह अधिनियम लागू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य के प्राप्त करने के लिए देश की आधी आबादी महिलाओं को सशक्त करना अनिवार्य है। इसी दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा उठाया गया एक ऐसा क्रांतिकारी कदम है, जिसने भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में महिलाओं के लिए स्वर्णिम द्वार खोल दिए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकतंत्र में महिलाओं के लिए नया युग शुरू होने वाला है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने यात्रा में आए मुख्य अतिथि व अन्य नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करते हुए इसे केन्द्र सरकार का क्रांतिकारी कदम बताया।

यात्रा में शहर व आसपास के क्षेत्रों की महिलाएं शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. प्रतिमा गुप्ता, सावित्री पनिहार, मंजू पोपली, पार्षद सुमन यादव, पूर्व पार्षद पिंकी शर्मा, सुमन कसवां, सीमा शर्मा, सुमित्रा, सीमा गोदारा, रवीना, मोनू, प्रोमिला पूनिया, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, प्रवक्ता पीयूष मेहता, राजकुमार इंदौरा, कृष्ण सरसाना, विनोद तोषावड़, सतीश सुरलिया, सुरेश जांगड़ा व धर्मबीर पानू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।

---------------------

--------------

हरियाणा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ, 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे नामांकन
नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश में लाएगा नया बदलाव : रेणु भाटिया

संत कबीर छात्रावास में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित

हिसार, 15 अप्रैल। संत कबीर छात्रावास में बुधवार को नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी की पूर्व प्रदेश सचिव सरोज सिहाग द्वारा की गई।

मुख्य वक्ता रेणु भाटिया ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे देश की संसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से एक नया इतिहास रचने के करीब है। एक ऐसा नया इतिहास, जो अतीत की संकल्पनाओं को साकार करेगा, जो भविष्य के संकल्पों को पूरा करेगा। एक ऐसे भारत का संकल्प जो समतामूलक हो, जहां सामाजिक न्याय केवल एक नारा न हो, बल्कि हमारी कार्य संस्कृति का, हमारी निर्णय प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा हो। लोकतांत्रिक संरचना में महिलाओं को आरक्षण देने की जरूरत दशकों से हर कोई महसूस कर रहा था। इस विमर्श को करीब 4 दशक बीत गए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में महिला नेतृत्व का एक बेहतरीन उदाहरण पंचायती राज संस्थाएं भी हैं। आज भारत में 14 लाख से अधिक महिलाएं लोकल गवर्नमेंट बॉडीज में सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। लगभग 21 राज्यों में तो पंचायतों में उनकी भागीदारी करीब-करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 2014 से महिलाओं के जीवन चक्र के हर चरण के लिए योजनाएं बनाई हैं। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बहनों और बेटियों की सेवा के लिए तत्पर है। केंद्र सरकार ने कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया, मातृ वंदना योजना के तहत गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की और बेटियों की शिक्षा में सहायता देने के लिए उच्च ब्याज वाली सुकन्या समृद्धि निवेश योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश में नया बदलाव लाने का काम करेगा।

पूर्व प्रदेश सचिव सरोज सिहाग ने कहा कि महिलाएं आज उन सेक्टरों में भी ऊंचाइयों को छू रही हैं जिन्हें कभी पुरुषों का गढ़ माना जाता था। भारतीय बेटियां लड़ाकू पायलट बन रही हैं और आसमान को छू रही हैं। देश की नारी शक्ति ने कड़ी मेहनत, साहस और आत्मविश्वास के बल पर नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है। इसके माध्यम से समाज व देश में एक नया बदलाव देखने को मिलेगा।

सम्मेलन में हिसार जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, सीमा शर्मा, सीमा गोदारा, सुमित्रा मंगाली सहित शहर की प्रबुद्ध महिला शक्ति, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, अधिवक्ता, डॉक्टर, ड्रोन दीदी व लखपति दीदी उपस्थित रही।

------------

-----

हरियाणा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ, 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे नामांकन

मंडियों में गेहूं उठान प्रक्रिया में कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : उपायुक्त महेंद्र पाल

हिसार, 15 अप्रैल। उपायुक्त महेंद्र पाल ने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि मंडियों में गेहूं के उठान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतें और पूरी प्रक्रिया तेज गति से संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उठान कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए यह बात कही। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि मंडियों में अनाज का उठान कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने मंडियों में तैनात नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार निगरानी बनाए रखें। उठान के लिए लगाए गए वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग हो।

 उपायुक्त महेंद्र पाल ने नियमानुसार गेट पास प्रणाली को दुरुस्त रखने तथा बायोमेट्रिक सत्यापन को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए, ताकि खरीद प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की हिदायतों के अनुसार किसानों की सुविधा सर्वोपरि है और जिला प्रशासन का भी यही उद्देश्य है कि किसानों को फसल बेचने, भुगतान प्राप्त करने और अन्य सेवाओं में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


----------------

------

हरियाणा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ, 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगे नामांकन

मय्यड़ में 50 बेड के आयुष अस्पताल के लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

हिसार, 15 अप्रैल। उपायुक्त महेंद्र पाल ने गांव मय्यड़ में निर्माणाधीन 50 बेड के आयुष अस्पताल के लंबित कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फायर फाइटिंग सिस्टम और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन जैसे शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमतियां समय पर प्राप्त कर सभी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक विस्तार किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि अस्पताल को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि आयुष अस्पतालों के माध्यम से आमजन को आयुर्वेद, होम्योपैथी और योग जैसी पारंपरिक पद्धतियों का लाभ मिल रहा है। आयुर्वेद के जरिए जहां रोगों का प्राकृतिक तरीके से उपचार किया जाता है, वहीं होम्योपैथी के दुष्प्रभाव वाली चिकित्सा पद्धति के रूप में लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है। इसके साथ ही योग को दैनिक जीवन में अपनाकर व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।

बैठक में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ धर्मपाल पूनिया ने जानकारी दी कि अस्पताल में ओपीडी सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि शेष निर्माण कार्य पूर्ण होते ही अस्पताल में इंडोर (आईपीडी) सेवाएं भी शुरू कर दी जाएंगी। उपायुक्त ने कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करने और तय समय सीमा में सभी लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।