Haryana News: हरियाणा में 17 राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन हुआ रद्द, इस वजह से चुनाव आयोग ने लिया बड़ा एक्शन 

 
Haryana News
Haryana News:  हरियाणा के 17 गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया है। इनमें पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की हरियाणा जन चेतना पार्टी और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की हरियाणा इंसाफ कांग्रेस भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास का कहना है कि  6 वर्ष से चुनाव न लड़ने वाले 23 राजनीतिक दलों की नोटिस भेजा गया था। 6 राजनीतिक दलों ने आवश्यक दस्तावेज जमा करा दिए थे। वहीं अधूरे दस्तावेज देने वाले और जवाब न देने वाले 17 राजनीतिक दलों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। इन 17 पार्टियों में दो नेताओं की पार्टियों के नाम भी शामिल हैं। इनमें विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा आजाद तौर पर राज्यसभा सदस्य हैं।  इनमें राव इंद्रजीत और विनोद शर्मा की पार्टी भी शामिल है। जो भाजपा को समर्थन करते हैं। 

वहीं, विनोद शर्मा की पत्नी शक्ति रानी शर्मा बीजेपी से कालका विधानसभा क्षेत्र की विधायक हैं। राव इंद्रजीत केंद्र की भाजपा सरकार में मंत्री हैं।

इनके अलावा अन्य पार्टियों का कोई बड़ा अस्तित्व नहीं है। इनमें फतेहाबाद से अपनी डेमोक्रेटिक पार्टी व जन सेवा संघर्ष पार्टी, सिरसा से बराबर समाज सांझी पार्टी, नूंह से हिंदुस्तान क्रांति दल, यमुनानगर से शक्ति पार्टी, भिवानी से राष्ट्रवादी परिवर्तन पार्टी, फरीदाबाद से राष्ट्रीय जनसेवा, सेकुलर पार्टी, महेंद्रगढ़ से राष्ट्रीय किसान पार्टी, रोहतक से दो जमा पांच मुद्दे जन पार्टी, करनाल से एकता शक्ति और यमुनानगर से सर्वजन पार्टी हैं। इसी तरह गुरुग्राम से रजिस्टर्ड राष्ट्रीय मोर्चा पार्टी, समस्त भारतीय पार्टी, हरियाणा नवनिर्माण सेना पार्टी का रजिस्ट्रेशन कैंसिल किया गया है।