Haryana : किसानों की हुई मौज, 1122 करोड़ की कार्य योजना मंजूर
इस योजना का मुख्य उद्देश्य खेती की पैदावार बढ़ाना, लागत कम करना और प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग करना है ताकि किसान नई तकनीक अपनाएं, पानी की बचत करें और पारंपरिक फसलों के साथ अन्य फसलों की ओर भी बढ़ें। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए बागवानी मिशन के तहत 110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इससे किसान फल, सब्जी और अन्य फसलों की खेती की ओर बढ़ सकेंगे। साथ ही ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के तहत 160 करोड़ रुपये रखे गए हैं, ताकि कम पानी में ज्यादा उत्पादन हो सके।
सरकार ने मधुमक्खी पालन के लिए भी 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं जिससे किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ेगी। इसके साथ ही कृषि ढांचे को मजबूत करने, रिसर्च सुविधाएं बढ़ाने और सिंचाई व्यवस्था सुधारने पर भी काम होगा।
पराली प्रबंधन के लिए 250 करोड़ तय
योजना के तहत कृषि मशीनीकरण पर भी जोर दिया गया है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये रखे गए हैं जिससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। पराली जलाने की समस्या को कम करने के लिए फसल अवशेष प्रबंधन पर 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके जरिए किसानों को मशीनें दी जाएंगी और जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
