Haryana : हरियाणा में CIA और आरोपी बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली
Haryana : हरियाणा के भिवानी कोर्ट में फायरिंग वाले आरोपी और CIA पुलिस के बीच फतेहाबाद के सिरसा रोड पर रविवार रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए क्रॉस फायरिंग की। इससे आरोपी रोहित के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे काबू करके पहले फतेहाबाद के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी रोहित सिरसा के गांव रंगड़ीखेड़ा का निवासी है। वह फिलहाल सिरसा शहर में ही प्रीत नगर में रह रहा था। भिवानी सीआईए पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी रोहित फतेहाबाद के पास के किसी क्षेत्र में है।
इस पर भिवानी CIA टीम वहां पहुंची तो आरोपी रोड किनारे खड़ा था। वह वहां से भागने के लिए किसी गाड़ी का इंतज़ार कर रहा था। उसी समय पुलिस को अपनी ओर आते देखा तो पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस विभाग के पीआरओ विनोद का कहना है कि मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया जाएगा।
