Haryana : हरियाणा के किसानों और मजदूरों को बड़ी राहत, सरकार ब्याज के 2266 करोड़ रुपये करेगी माफ
ब्याज के 2266 करोड़ रुपये किए जाएंगे माफ
इसके तहत छह लाख 81 हजार 182 किसानों व मजदूरों के ब्याज के 2266 करोड़ रुपये माफ किए जाएंगे। मानसून सीजन में बाढ़ से प्रभावित 53,821 किसानों को करीब 116 करोड़ रुपये मुआवजा राशि जारी कर दी गई। बाजरा भावांतर योजना के तहत प्रदेश के 1 लाख 57 हजार किसानों को 358 करोड़ 62 लाख रुपये जारी किए गए। शहरों में विकास की गति देने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और विभिन्न महानगरीय विकास प्राधिकरणों को 1700 करोड़ रुपये दिए गए।
हजारों किसानों की फसल हुई थी बर्बाद
CM नायब सिंह सैनी ने बताया, अगस्त-सितंबर में हरियाणा में भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई थी। इससे हजारों किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। नुकसान की भरपाई के लिए 15 सितंबर तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया था। क्षतिपूर्ति पोर्टल में दर्ज ब्योरा के सत्यापन के बाद एक लाख 20 हजार 380 एकड़ कृषि क्षेत्र में नुकसान पाया गया।
मुआवजा राशि में बाजरे की फसल के लिए 35 करोड़ 29 लाख रुपये, कपास के लिए 27 करोड़ 43 लाख रुपये, धान के लिए 22 करोड़ 91 लाख रुपये और गवार के लिए 14 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि शामिल है। इस राशि का भुगतान तुरंत प्रभाव से शुरू कर दिया गया है। अगले एक सप्ताह में पूरी राशि प्रभावित किसानों के खातों में चली जाएगी।
इससे पहले सरकार ने बाढ़ के चलते पशु धन की हानि, मकान क्षति व अन्य उपयोगी वस्तुओं के नुकसान की भरपाई के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि जारी की थी।
