Gurugram News: आईटीआई में दाखिले के तीसरे चरण की प्रक्रिया आज से शुरू, 11 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन*
गुरुग्राम, 7 अगस्त।
हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया जारी है। विभाग द्वारा 2 जून से 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए थे, जिसके तहत दाखिले के दो चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुके हैं। अब तीसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया 7 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक संचालित की जाएगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम के प्राचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा "बेटी पढ़ेगी व कौशल सीखेगी, आत्मनिर्भर बनेगी" अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बेटियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों में दाखिला लेकर छात्राएं रोजगारपरक कौशल हासिल कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकती हैं।
उन्होंने बताया कि आईटीआई में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को निःशुल्क बस पास, एनसीसी सुविधा, पासपोर्ट बनवाने के लिए 1500 रुपये की एकमुश्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति तथा सभी प्रशिक्षुओं को 1000 रुपये मूल्य की निःशुल्क टूल किट जैसी सुविधाएं भी विभाग की ओर से प्रदान की जाती हैं।
