GST : 22 सितंबर से क्या महंगा होगा और क्या सस्ता? यहां जानें सब कुछ  

 
What will be expensive and what will be cheaper from September 22?
GST : केंद्र सरकार ने त्योहारों से पहले देश के हर वर्ग के लोगों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने GST के तहत 4 स्लैब हटाकर 2 स्लैब (5%-18%) कर दिए हैं, जबकि सिन और लग्जरी प्रोडक्ट्स उत्पादों के लिए 40% का एक विशेष स्लैब बनाया गया है। ऐसे में आम जनता के लिए कई जरूरी सामानों की कीमतें 22 सितंबर से कम हो जाएंगी। खासकर इनमे घरेलू और रोजमर्रा की इस्तेमाल होने वाली चीजें शामिल हैं, जैसे दूध, पनीर, टूथपेस्ट, शैम्पू, नमकीन और बिस्कुट से लेकर कपड़े तक जिनके दाम कम हो जाएंगे। हालांकि, कुछ ऐसी चीजे भी हैं, जो 22 सितंबर से महंगी हो जाएंगी। 

 3 सितंबर को किया था ऐलान 

आपको बता दें कि सरकार ने GST स्लैब चेंज और रेट कट के बारे में बीते 3 सितंबर को ऐलान किया था। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि यह बदलाव और सुधार देश के आम आदमी से लेकर किसानों और छोटे व्यापारियों को ध्यान में रखकर किए गए हैं। आइए ऐसे ही जरूरी सामानों के बारे में बताते हैं क्या सस्ता होगा और महंगा हो जाएगा।

ये चीजें 22 सितंबर से होंगी सस्ती 

22 सितंबर से सरकार ने टीवी, फ्रिज, एसी, पावरबैंक, मोबाइल, चार्जर, कूलर, एलईडी बल्ब, एलपीजी गैस जैसी चीजों पर टैक्स कम कर दिया है, जिससे इनके दाम कम हो जाएंगे। अगर आप इन चीजों को 22 सितंबर के बाद खरीदते हैं, तो यह आपको कम दाम में मिलेंगी। खेती-बाड़ी से जुड़ी चीजों पर भी सरकार ने टैक्स कम कर दिया है, जिससे इनके भी दाम कम हो जाएंगे। 

कंस्ट्रक्शन मैटेरियल्स, खेलने के सामान, खिलौने, चमड़े के उत्पाद, लकड़ी की वस्तुएं और हैंडीक्राफ्ट्स के दाम कम हो जाएंगे। साथ ही तेल-शैंपू और साबुन से लेकर कपड़े-जूते, नमकीन-बिस्कुट, पिज्जा-ब्रेड तक सस्ते हो जाएंगे। दूध, पनीर और घी जैसी चीजें भी सस्ती हो जाएंगी। पेंसिल, रबर-कटर समेत ग्लोब, मैन, प्रैक्टिस बुक, ग्राफ बुक, प्रयोगशाला नोटबुक पर भी टैक्स खत्म कर दिया गया है, जिससे इन चीजों के भी दाम कम हो जाएंगे। 

जानें क्या होगा महंगा 

जानकारी के अनुसार 22 सितंबर से सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, चबाने वाला तंबाकू, जर्दा, लग्जरी कार, सुपर लग्जरी गुड्स, फास्ट फूड, एडड शुगर और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, पर्सनल यूज वाले एयरक्राफ्ट, कसीनो, ऑनलाइन गेमिंग जैसी चीजें महंगी हो जाएंगी। 

इस पोर्टल पर जाकर चेक करें नए रेट

केंद्र सरकार ने GST सुधारों को उपभोक्ताओं को बेहतर समझाने और बचत की जानकारी के लिए नई वेबसाइट http://savingwithgst.in लॉन्च की है। इस पोर्टल पर, लोग 22 सितंबर से लागू होने वाली नई दरों से पहले और बाद में उत्पादों की कीमतों की तुलना कर सकते हैं। MyGovIndia की ओर से शुरू की गई वेबसाइट, कीमतों की तुलना को आसान बनाती है। इसमें कई श्रेणियां हैं, जैसे खाद्य पदार्थ, स्नैक्स, घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसोई के सामान और जीवन शैली से जुड़ी चीजें।