अब हाईवे किनारे पेट्रोल पंप या फूड कोर्ट खोलना हुआ आसान, गडकरी ने ये पोर्टल किया लॉन्च
किसके लिए है पोर्टल
आपको बता दें कि यह पोर्टल उन लोगों और संस्थाओं के लिए बनाया गया है, जिन्हें नेशनल हाईवे से जुड़े नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) और अन्य अनुमतियों की जरूरत है। इसमें आम नागरिक, निजी कंपनियां और सरकारी विभाग शामिल हैं। चाहे आप हाईवे के किनारे पेट्रोल पंप लगाना चाहते हों, फूड कोर्ट खोलना चाहते हों, या कनेक्टिंग रोड और रेस्ट एरिया बनाना चाहते हों, अब सारी प्रक्रियाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन पूरी होंगी।
एक क्लिक में मिलेगी मंजूरी
जानकारी के अनुसार इस पोर्टल के जरिए टेलीकॉम कंपनियां ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने, पानी और गैस पाइपलाइन ले जाने, बिजली लाइन स्थापित करने के लिए भी आवेदन कर सकेंगी। पहले इन सभी के लिए अलग-अलग विभागों में जाकर दस्तावेज जमा करने पड़ते थे, लेकिन अब आवेदक अपने एप्लीकेशन का स्टेटस ऑनलाइन देख सकते हैं और तय समय में जवाब भी पा सकते हैं।
होगा बड़ा फायदा
हाईवे के किनारे सुविधाएं खोलने वाले छोटे व्यापारी, लॉजिस्टिक और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियां अब तेजी से निवेश कर सकेंगी। इससे ना सिर्फ प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि बेमतलब की आवाजाही और समय की बर्बादी भी कम होगी।
