अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवाओं के लिए प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी में नि:शुल्क प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर: डीसी साहिल गुप्ता

 - डीसी साहिल गुप्ता ने पात्र युवाओं से आवेदन करने की अपील की
- सिपेट मुरथल में आवास, प्रशिक्षण, किताबें व स्टेशनरी पूरी तरह नि:शुल्क
 
अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवाओं के लिए प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी में नि:शुल्क प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर: डीसी साहिल गुप्ता

भिवानी, 08 मई।  डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के वंचित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए केंद्र सरकार के अधीन केंद्रीय पैट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), मुरथल, जिला सोनीपत द्वारा प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी क्षेत्र में नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि दसवीं कक्षा उत्तीर्ण अनुसूचित जाति वर्ग के इच्छुक युवाओं को 3 माह की अवधि के लिए विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें सहायक मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन मोल्डिंग (200 सीट), सहायक मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग (80 सीट), सहायक ऑपरेटर प्लास्टिक एक्सट्रूजन (80 सीट) तथा सहायक मशीन ऑपरेटर ब्लो मोल्डिंग (80 सीट) शामिल हैं।

जिला कल्याण अधिकारी देवेन्द्र ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के लिए संस्थान में ही नि:शुल्क आवास की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कॉपी, किताबें एवं स्टेशनरी भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आवेदनकर्ता का कम से कम दसवीं पास होना आवश्यक है तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रवेश के लिए मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 7678329863, 7555888612 एवं 9996538494 पर संपर्क कर सकते हैं। आवेदक अपने आवेदन ईमेल आईडी द्वह्वह्म्ह्लद्धड्डद्यञ्चष्द्बश्चद्गह्ल.द्दश1.द्बठ्ठ पर भेज सकते हैं। साथ ही संस्थान की वेबसाइट 222.ष्द्बश्चद्गह्ल.द्दश1.द्बठ्ठ से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला कल्याण अधिकारी ने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने और रोजगार के बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की अपील की है।