किसानों को मिले बेहतर सुविधाएं, गेहूं खरीद के लिए प्रशासन सतर्क : डीसी
झज्जर, 17 अप्रैल। जिला की मंडियों में चल रही गेहूं खरीद प्रक्रिया को लेकर डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने कहा कि उपज की खरीद के साथ-साथ उसका समय पर उठान और उचित भंडारण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
डीसी ने कहा कि खरीद प्रक्रिया को किसानों के लिए सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मंडियों में व्यवस्थाएं सुचारू रखें और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि इस बार सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन सहित अन्य एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे खरीद के साथ-साथ उठान भी तय समय सीमा में सुनिश्चित करें।
डीसी ने भंडारण व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए कहा कि पीक सीजन के दौरान अनाज की लिफ्टिंग में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मंडियों में किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
किसानों से अपील करते हुए डीसी ने कहा कि वे अपनी गेहूं व सरसों की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि नमी के कारण खरीद प्रक्रिया में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
जिला की मंडियों और खरीद केंद्रों में अब तक एक लाख 83 हजार 523 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई है, जबकि एक लाख 907 मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि झज्जर अनाज मंडी में 57 हजार 800 मीट्रिक टन, बादली में 13 हजार 875 मीट्रिक टन, ढाकला में 13 हजार 68 मीट्रिक टन, बेरी में 32 हजार 612 मीट्रिक टन, मातनहेल में 29 हजार 515 मीट्रिक टन, माजरा डी खरीद केंद्र पर 12 हजार 781 मीट्रिक टन, छारा में 12 हजार 749 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ में 1 हजार 207 मीट्रिक टन तथा आसौदा में 9 हजार 916 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है।
इसी प्रकार खरीद के आंकड़ों के अनुसार झज्जर मंडी में 29 हजार 157 मीट्रिक टन, बादली में 6 हजार 252 मीट्रिक टन, ढाकला में 5 हजार 748 मीट्रिक टन, बेरी में 17 हजार 472 मीट्रिक टन, मातनहेल में 18 हजार 746 मीट्रिक टन, माजरा डी में 9 हजार 455 मीट्रिक टन, छारा में 6 हजार 413 मीट्रिक टन, बहादुरगढ़ में 1 हजार 76 मीट्रिक टन तथा आसौदा में 6 हजार 588 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद दर्ज की गई है।
