फरीदाबाद के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, ऑल इंडिया किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीते गोल्ड

- इकनूर, रूही और आर्यन ने गोल्ड जीतकर बढ़ाया फरीदाबाद का मान

- जीवन ज्योत कौर ने खिलाड़ियों को दी बधाई, कहा- युवा खिलाड़ी देश का नाम करेंगे रोशन

 
फरीदाबाद के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, ऑल इंडिया किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीते गोल्ड

फरीदाबाद, 7 मई। ऑल इंडिया फ्रीस्टाइल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026, जो 1 मई से 4 मई तक राजगढ़, राजस्थान में आयोजित की गई, में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपने स्कूल, कोच और परिवार का नाम रोशन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन छोटू राम दहिया (प्रेसिडेंट - इंडिया) एवं दानिश पढा (जनरल सेक्रेटरी - इंडिया) के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

विश्व उपाध्यक्ष जीवन ज्योत कौर ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत के युवा खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी के साथ आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में देश का नाम विश्व भर में रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि आज हमारे फरीदाबाद के बच्चों ने जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह उनकी कड़ी मेहनत और अटूट अनुशासन का परिणाम है। खेल केवल शारीरिक विकास नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जीत का यह सिलसिला रुकना नहीं चाहिए; याद रखें कि हर मेडल के पीछे पसीने की बूंदें और अपार त्याग होता है। आप इसी तरह फरीदाबाद और देश का मान बढ़ाते रहें।"

कोच दिव्यांश मनुजा के मार्गदर्शन में डीएवी पब्लिक स्कूल, एनएच-3 फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। इकनूर कौर ने -63 किलोग्राम पॉइंट फाइट इवेंट में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल जीता। उनकी माता मधु शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। वहीं रुही शर्मा ने -32 किलोग्राम पॉइंट फाइट इवेंट में राजस्थान के खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके पिता राकेश शर्मा ने इस सफलता का श्रेय कोच और स्कूल प्रबंधन को दिया। आर्यन ने -57 किलोग्राम किक लाइट इवेंट में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी को हराकर गोल्ड मेडल जीता। उनके पिता कुलदीप सिंह ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डीएवी पब्लिक स्कूल, एनएच-3 फरीदाबाद की प्रिंसिपल ज्योति दहिया ने सभी खिलाड़ियों और कोच दिव्यांश मनुजा को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और स्कूल हमेशा खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करता रहेगा। जीवन ज्योत कौर ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।