10 मई को होगी जिला तैराकी चैंपियनशिप, राज्य प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
हिसार, 5 मई। जिला तैराकी संघ की बैठक में आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 10 मई को हिसार के विद्युत नगर स्विमिंग पूल में जिला स्तरीय तैराकी चैंपियनशिप आयोजित करने की घोषणा की गई, जिसमें चयनित खिलाड़ी 21 व 22 मई को बहादुरगढ़ में होने वाली सीनियर हरियाणा तैराकी चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान मास्टर जिले सिंह ने की, जबकि सचिव रविंद्र सिहाग ने प्रतियोगिता संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के साथ ही वाटर पोलो के ट्रायल और टीम चयन भी किया जाएगा।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए 50, 100, 200, 400 और 800 मीटर फ्रीस्टाइल, 50, 100 व 200 मीटर बैकस्ट्रोक, 50, 100 व 200 मीटर बटरफ्लाई, 200 व 400 मीटर आईएम तथा 400 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों का रिपोर्टिंग समय प्रात: 7:30 बजे निर्धारित किया गया है। केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनके पास हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन की वैध आईडी होगी। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी, सदस्य अनिल, कोच राहुल, विकास (कोच, हिसार), सत्यपाल गोदारा, स्नेह लता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
