चुनाव पर डिजिटल नजर: पोल-डैशबोर्ड से हर गतिविधि होगी ट्रैक

 
चुनाव पर डिजिटल नजर: पोल-डैशबोर्ड से हर गतिविधि होगी ट्रैक
चंडीगढ़, 05 मई- हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावों की सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘पोल-डैशबोर्ड’ (Poll Dashboard) पोर्टल एवं संबंधित मोबाइल एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जिलों के रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी जुड़े।

 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव श्री गौरव कुमार ने आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। उन्होंने चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी पोल-डैशबोर्ड पोर्टल पर अपने-अपने मतदान केंद्रों से जुड़ी आवश्यक जानकारी समय रहते पूर्ण रूप से अपडेट करें। साथ ही, मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से रियल-टाइम डाटा अपडेट करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की सही पहचान सुनिश्चित करते हुए उनके नाम एवं मोबाइल नंबर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं।

 

उन्होंने बताया कि पोल-डैशबोर्ड पोर्टल चुनाव पूर्व एवं मतदान दिवस की गतिविधियों, जैसे पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान केंद्रों तक उनकी पहुंच, मॉक पोल, मतदान आरंभ होने का समय तथा समय-समय पर मतदान प्रतिशत की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

बैठक के दौरान यह भी साझा किया गया कि मतदान दिवस पर सभी गतिविधियों की अपडेटिंग समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए। मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम मशीनों को नियमानुसार सील कर सुरक्षित जमा करवाना सुनिश्चित किया जाए तथा काउंटिंग के समय संबंधित अभिलेख निर्धारित समय पर जमा किए जाएं।

 

इसके अतिरिक्त, शाम 6:00 बजे के बाद मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए जानकारी अपडेट करने तथा मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत समय पर ‘पोल क्लोज’ सुनिश्चित करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश साझा किए गए।

 

बैठक के दौरान विभिन्न जिलों के अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया गया तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही, मतदाता पर्चियों के वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सभी मतदाताओं तक पर्चियां समय पर पहुंचें।