विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान  का विकास करना विभाग का प्रमुख लक्ष्य  : डीईईओ राम रतन

 
विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान  का विकास करना विभाग का प्रमुख लक्ष्य  : डीईईओ राम रतन
हिसार, 11 अप्रैल। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राम रतन ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की माताओं को उनकी पात्रता के अनुरूप लाडो लक्ष्मी योजना में शामिल कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। यह योजना महिला सशक्तिकरण और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह जानकारी उन्होंने खंड  हिसार प्रथम कार्यालय में आयोजित बीपीयू बैठक के दौरान दी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) का विकास करना विभाग का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में स्वीकृत सभी शैक्षणिक परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में एफएलएन के जिला नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार ने शिक्षकों को विभिन्न दिशा-निर्देश प्रदान किए। खंड एफएलएन नोडल संतोष ने बताया कि बच्चों में बुनियादी साक्षरता और गणितीय दक्षता विकसित करने के लिए नए शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना, नियमित निगरानी, परामर्श दौरे तथा निपुण लक्ष्य की प्राप्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने समग्र प्रगति कार्ड (एचपीसी) के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के आकलन को भी आवश्यक बताया।

बैठक के दौरान लाडो लक्ष्मी योजना, एफएलएन असेसमेंट, उत्कृष्ट शिक्षण प्रथाओं के आदान-प्रदान तथा उच्च प्रभावशाली शिक्षण रणनीति (एचआईटीएस) कार्यक्रम की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे नवीन शिक्षण विधियों कोजा अपनाकर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाएं। कार्यक्रम के अंत में बीईओ अजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को एफएलएन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार हेतु समर्पित प्रयास करने का आह्वान किया। इस दौरान खंड में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं सोर्स किट वीडियो प्रतियोगिता, प्रिंट रिच प्रतियोगिता तथा टॉप मेंटर्स श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अध्यापकों एवं मेंटर्स को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें उर्मिला, निर्मला देवी, सतीश कुमार, संतोष, संजीव कुमारी, मीनाक्षी, देवेंद्र कुमार, पुनीत, कल्पना रानी, सुमन यादव, कृष्ण कुमार, हेमलता, मंजू बाला, रचना, कविता रानी, शारदा, पूनम, रोहतास, रणजीत सिंह, विनोद कुमार सहित अनेक अध्यापक शामिल रहे।

बैठक में एफएलएन प्रतिनिधि सुमित कुमार, संपर्क फाउंडेशन से केशव विश्वकर्मा, बीआरपी अंग्रेजी नीलम, बीआरपी कमलेश, मुकेश कुमार, राहुल, सुमिता, प्रियंका, सविता, मुन्नी, कंचन जैन, मोनू सहित खंड के सभी संकुल मुखिया, बीआरपी एवं एबीआरसी सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।