उपायुक्त महेंद्र पाल ने हरियाणा योग आयोग व आयुष विभाग की कॉफी टेबल बुक जारी की
उपायुक्त महेंद्र पाल ने वीरवार को हरियाणा योग आयोग व आयुष विभाग की कॉफी टेबल बुक जारी की। उन्होंने कहा कि बुक में योग की गतिविधियों व महत्वपूर्ण जानकारी से आमजन योग को लेकर प्रेरित होंगे। गौरतलब है कि हरियाणा योग आयोग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कॉफी टेबल बुक को प्रकाशित किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकते हैं। इस कॉफी टेबल बुक में विभिन्न गतिविधियों, आसनों तथा कार्यक्रमों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक न केवल एक दस्तावेज के रूप में कार्य करेगी, बल्कि आमजन को योग अपनाने के लिए प्रेरित भी करेगी।
उन्होंने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को उजागर करते हुए समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है, जो आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में अत्यंत आवश्यक है।
इस संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ धर्मपाल पूनिया ने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना तथा चित्रों के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग निर्धारित की गई थी। यह थीम मानव और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने तथा समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि योग युक्त-नशा मुक्त हरियाणा थीम एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाना और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा योग आयोग द्वारा तैयार की गई आधिकारिक कॉफी टेबल बुक का वितरण विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को किया गया, जिनमें पूर्व एसपी शशांक कुमार सावन, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, जेल-2 अधीक्षक रमेश, जिला शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश तथा जिला खेल अधिकारी शामिल हैं।
सभी अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पुस्तकों से समाज में योग के प्रति सकारात्मक संदेश जाता है और अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित होते हैं। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ जयदीप आर्य की अगुवाई में प्रकाशित की गई कॉफी टेबल बुक को जारी करने के अवसर पर योग विशेषज्ञा पूजा तथा एवाईएस रविंद्र आदि उपस्थित थे।
