उकलाना नगरपालिका व पंचायत चुनावों के मद्देनजर उपायुक्त महेंद्र पाल ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हिसार, 09 मई। उकलाना नगरपालिका चुनाव तथा मंडी आदमपुर, जवाहर नगर (खंड आदमपुर) आदि क्षेत्रों में आयोजित होने वाले पंचायत चुनावों के मद्देनजर उपायुक्त महेंद्र पाल ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि रविवार को होने वाला मतदान पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान सामग्री की उपलब्धता तथा कर्मचारियों की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और प्रत्येक पात्र मतदाता को इसका प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
महेंद्र पाल ने चुनावी ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन की सभी तैयारियों के चलते चुनाव सुचारू रूप से आयोजित होंगे। इस अवसर पर बरवाला के एसडीएम अश्वीर नैन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
