उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के साथ उकलाना क्षेत्र का दौरा किया
उकलाना, 05 मई। नगरपालिका चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के साथ उकलाना क्षेत्र का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों और ड्यूटी स्टाफ की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और इसे पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 10 मई को मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
दौरे के दौरान उन्होंने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए पुलिस बल, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग स्क्वॉड तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त महेंद्र पाल और पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने क्षेत्र के बाजार में फ्लैग मार्च भी किया।
उपायुक्त ने नगरपालिका कर्मचारियों से भी बातचीत की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव उनके समक्ष रखे, जिनका समाधान करने के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सजग है और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
