डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों की बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर जरूरी निर्देश
झज्जर, 17 अप्रैल। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में आगामी 3 मई को होने वाली नीट-यूजी परीक्षा 2026 के सुचारू संचालन के लिए शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान डीसीपी दीप्ति गर्ग भी उपस्थित रही। केंद्रीय विद्यालय झज्जर की प्राचार्या मीता अधिकारी ने परीक्षा के आयोजन को लेकर तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो।
उन्होंने बताया कि एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) द्वारा आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के लिए जिले में 8 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। जिनमें लगभग 2300 बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को प्रात: 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। जबकि परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा।
डीसी ने मीटिंग में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एनटीए द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिसमें पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता अनिवार्य होगी। खास तौर से दिव्यांग छात्रों के लिए निर्धारित सुविधाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
इस अवसर पर डीएमसी अभिनव सिवाच,एसडीएम झज्जर रवि मीणा,एसडीएम बेरी रेणुका नांदल,नगराधीश रितु बंसीवाल, सिविल सर्जन डा मंजू कादयान,डीईओ रतिंद्र कुमार,डीईईओ राजबाला मलिक, भास्कर मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
