गोल्ड मेडल विजेता दिव्यांग  खिलाड़ी रेखा से प्रेरणा लें बेटियां : एसडीएम

 
गोल्ड मेडल विजेता दिव्यांग  खिलाड़ी रेखा से प्रेरणा लें बेटियां : एसडीएम
बहादुरगढ़, 08 अप्रैल : स्थानीय  नगर परिषद कार्यालय  में बेलदार के पद पर कार्यरत दिव्यांग महिला खिलाड़ी रेखा ने हाल ही में जयपुर में आयोजित व्हीलचेयर फेंसिंग नेशनल प्रतियोगिता में दो पदक जीतकर क्षेत्र  का नाम रोशन किया हैं। बुधवार को एसडीएम अभिनव सिवाच आईएएस ने खिलाड़ी रेखा को मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि दिव्यांग रेखा ने गत माह जयपुर में आयोजित व्हीलचेयर फेंसिंग नेशनल प्रतियोगिता में बी कैटेगरी के ईपी टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल्ड मेडल और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे विभाग में गर्व की भावना है।

एसडीएम  अभिनव सिवाच ने मेधावी खिलाड़ी रेखा को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी ने अपनी मेहनत, लगन और अदम्य हौसले के दम पर  अपने परिवार, क्षेत्र के साथ-साथ विभाग का नाम रोशन किया है,जोकि हम सबके लिए गौरव की बात हैं। बेटियों को उनकी उपलब्धि से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेखा की सफलता यह दर्शाती है कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज़्बा हो, तो शारीरिक चुनौतियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़ते हुए खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने रेखा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं और अन्य दिव्यांगजनों को भी आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं।

उल्लेखनीय है कि रेखा इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। उनकी निरंतर उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि वे न केवल एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, बल्कि दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास की मिसाल भी हैं।

रेखा की यह सफलता समाज में सकारात्मक संदेश देती है कि सही समर्थन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है।