देश का पहला 8-लेन आइकोनिक केबल ब्रिज बनकर तैयार, देसी इंजीनियरिंग का आधुनिक चमत्कार
Mar 28, 2026, 12:40 IST
सरकार लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के लिए लगातार एक्सप्रेसवे और हाईवे के निर्माण में जुटी हुई है। इसी बीच गुजरात के भरूच में इंजीनियरिंग का एक आधुनिक चमत्कार साकार हुआ है। वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के अहम हिस्से के रूप में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने नर्मदा नदी पर देश का पहला 8-लेन आइकोनिक केबल-स्टेड ब्रिज केवल 34 महीनों के रिकॉर्ड समय में तैयार कर लिया है। यह पुल न सिर्फ बुनियादी ढांचे के विकास की गति को दिखाता है, बल्कि भारत की तकनीकी क्षमता का प्रतीक भी बनकर उभरा है।
कुल 2.92 KM होगी लंबाई
यह विशाल संरचना वडोदरा-मुंबई सेक्शन के पैकेज-1 के अंतर्गत आती है, जिसकी कुल लंबाई 2.92 किलोमीटर है। इस पुल का मुख्य उद्देश्य गुजरात और महाराष्ट्र के बीच यातायात को निर्बाध बनाना और यात्रा समय में भारी कटौती करना है। अत्याधुनिक इंजीनियरिंग से निर्मित यह ब्रिज भारी वाहनों के भार को सहने के साथ-साथ तेज हवाओं और प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए एयरोडायनामिक डिजाइन से लैस है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह परियोजना न केवल कनेक्टिविटी सुधारेगी बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को एक नई रफ़्तार भी देगी।
