जनता का भरोसा खो चुकी कांग्रेस अब मानसिक रूप से बीमार भी हो गई है : मोहन लाल बड़ौली

 
जनता का भरोसा खो चुकी कांग्रेस अब मानसिक रूप से बीमार भी हो गई है : मोहन लाल बड़ौली

झज्जर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने झज्जर में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मानसिक रूप से बीमार हो चुकी है और अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल दूसरों पर दोष मढ़ने तक सीमित रह गई है और जनता ने भी कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जो थोड़े बहुत लोग भी कांग्रेस के साथ हैं वे भी कांग्रेस से किनारा कर लेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मंगलवार को झज्जर नगर परिषद के वार्ड नंबर 13 में हो रहे उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी सुधांशु शर्मा के समर्थन में लोगों से सीधा संवाद किया और भाजपा के प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। इस दौरान मोहन लाल बड़ौली प्रत्याशी सुधांशु शर्मा के कार्यालय पहुंचे जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में जनता का जो उत्साह और समर्थन भाजपा के प्रति दिखाई दे रहा है, वह स्पष्ट संकेत देता है कि 10 को जनता का भाजपा को भरपूर आशीर्वाद मिलेगा और हर वार्ड में कमल खिलेगा तथा जीत के नए रिकॉर्ड बनेंगे।

श्री बड़ौली ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में हुई भाजपा की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति को पसंद कर रही है और इसी कारण भाजपा को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार लगातार जनहित में फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से महज डेढ़ साल में ही 63 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं और बाकी संकल्पों को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।  

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा जो भी संकल्प लेती है, उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पूरा करती है। यही कारण है कि प्रदेश में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भी जनता भाजपा की नीतियों और कार्यों को समर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से विकास कार्यों की गति तीन गुणा बढ़ेगी। ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से सरकार की हर योजना का लाभ सीधा लोगों तक पहुंचेगा।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं तथा गरीबों के कल्याण के समर्पित है। भाजपा सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

श्री बड़ौली ने भाजपा जनता से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए 10 मई को कमल के फूल पर बटन दबाएं और भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से जिताएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देकर विकास और सुशासन की राजनीति को मजबूत करेगी।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष विकास वाल्मिकी, चेयरमैन कप्तान बिरधाना, चुनाव प्रभारी रवि भराई, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोमवती जाखड़, अश्विनी रंगा, राजपाल, रवि गुर्जर, मीडिया प्रभारी गीतांशु चावला सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।