मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता
झज्जर, 17 अप्रैल। आगामी 10 मई को होने वाले झज्जर नगर परिषद वार्ड-13 के उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सीटीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी रितु बंसीवाल ने झज्जर स्थित शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं, बिजली, पानी, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं की सुविधा से जुड़े प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। सीटीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद झज्जर के वार्ड 13 के लिए उपचुनाव 10 मई को होगा। मतगणना का कार्य आयोग की हिदायतों के अनुसार 13 मई को होगा।
इस मौके पर नगर परिषद के ईओ देवेंद्र सिंह, स्कूल प्राचार्य जोगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
