सीएम विंडो शिकायतों के निस्तारण में अधिकारी समयबद्धता के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित करें: एडीसी
भिवानी, 05 मई। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में सीएम विंडो (मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित करें। समीक्षा बैठक में सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, एसडीएम लोहारू मनोज दलाल भी मौजूद रहे।
बैठक में एडीसी श्री करवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एटीआर को किसी भी स्थिति में अस्पष्टï रूप से अपलोड न किया जाए। एटीआर को ध्यानपूर्वक पढक़र, प्रत्येक मामले को पूरी तरह संज्ञान में लेते हुए निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार ही डिटेल में स्पष्टï रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि अधूरी या कमजोर एटीआर अपलोड होने पर शिकायत वापस कर दी जाती है, जिससे जिले का एटीआर स्कोर प्रभावित होता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्ती से निर्देश दिए कि एटीआर को पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही अपलोड किया जाए, ताकि कोई भी शिकायत वापस न आए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं सीएम विंडो की समीक्षा करते हैं। ऐसे में अधिकारी किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
