जन्माष्टमी पर गीता की जन्मस्थली पहुंचे CM सैनी:गीताजी की उतारी आरती, राधा-कृष्ण बने बच्चों को दुलारा
हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी जन्माष्टमी पर शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर पहुंचे। यहां पहुंचने पर ब्राह्मणों ने उनका तिलक किया। CM ने गीता उपदेश स्थली में पूजा-अर्चना की और मंत्रोच्चार के बीच गीता जी को पुष्प अर्पित किए। इसके बाद CM ने गीता जी की आरती उतारी और गीता के साक्षी वट वृक्ष की परिक्रमा की।
पूजा के बाद CM ने राधा-कृष्ण का रूप धारण किए बच्चों से मुलाकात की। CM ने इन बच्चों को देखा, तो अपने पास बुला लिया। उन्होंने बच्चों को दुलारा और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने कार्यक्रम के बाद ज्योतिसर गांव के लोगों के साथ बातचीत भी की। साथ ही एक बच्ची को अपनी गोद में उठाया।
पूजा-अर्चना के बाद CM ज्योतिसर के महाभारत अनुभव केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र का जायजा लिया और यहां की व्यवस्था व कामकाज की जानकारी ली। करीब 3 महीने पहले अनुभव केंद्र में आग लग गई थी। आग से केंद्र को काफी नुकसान हुआ था। दोबारा केंद्र शुरू होने के बाद CM ने मौके पर जाकर इसकी स्थिति देखी। CM ने यहां बदलाव के कुछ संकेत भी दिए।
बोले- ज्योतिसर से मिला गीता का संदेश
मीडिया से बातचीत में CM नायब सिंह सैनी ने प्रदेश और देशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट होने का पवित्र दिन है। हरियाणा की इस पवित्र भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े थे। यहीं से उन्होंने पूरी मानव जाति को गीता का संदेश दिया।
भगवान श्रीकृष्ण ने दुनिया को कर्म और ज्ञान का संदेश दिया। ज्योतिसर की धरती का पूरे देश और दुनिया के लिए विशेष महत्व है।
विधानसभा सत्र में 16 घंटे चला काम
विधानसभा सत्र को लेकर CM ने कहा कि विधानसभा में कई महत्वपूर्ण बिल पारित हुए हैं। करीब 16 घंटे तक विधानसभा में काम हुआ। प्रदेश के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार तीन गुना गति से काम कर रही है।
धान खरीद पर बोले- सरकार खरीद के लिए तैयार
धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू करने की मांग को लेकर CM ने कहा कि सरकार इसके लिए तैयार है। धान में नमी को लेकर आढ़तियों और किसानों को परेशानी आती है। सरकार के सामने भी यह समस्या रहती है। अगर धान में नमी कम होगी तो खरीद में कोई दिक्कत नहीं होगी। धान की खरीद शुरू करने का फैसला केंद्र सरकार पर होता है।
पिछले साल भी जन्माष्टमी पर कुरुक्षेत्र आए थे CM
CM नायब सिंह सैनी पिछले साल भी जन्माष्टमी पर कुरुक्षेत्र आए थे। पिछले साल उन्होंने गुर्जर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसके बाद वे गीता ज्ञान संस्थानम् पहुंचे थे। यहां पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने कान्हा को झूला झुलाया था और जन्माष्टमी का पर्व मनाया था।
