संकुल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता जारी :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 17 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला के गांव घुसकानी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में संकुल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 18 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। यह विद्यालय करनाल संकुल के अंतर्गत आता है, जिसमें कुल 20 विद्यालय शामिल हैं।
सचिन गुप्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में संकुल के 9 विद्यालयों के कुल 95 खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में किया जा रहा है, जिससे विभिन्न आयु वर्गों के खिलाडिय़ों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला। यह प्रतियोगिता चयन (ट्रायल) प्रक्रिया के रूप में आयोजित की जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक आयु वर्ग से 12-12 खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 21 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विशेष बात यह है कि यह संभाग स्तरीय प्रतियोगिता भी पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय घुसकानी में ही आयोजित की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की है तथा उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह शेखावत एवं उप-प्राचार्य श्री फिरोज खान के मार्गदर्शन में भूपेंद्र सिंह, श्रीमती पूजा चौधरी सहित समस्त शिक्षक वर्ग का सराहनीय योगदान रहा।
