स्वच्छता प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य:-एडीसी नरेंद्र कुमार
रोहतक, 5 मई। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत गांवों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने गांव भैंसरू खुर्द में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं अपशिष्ट पृथक्करण (सेग्रीगेशन) अभियान का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर एडीसी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सभी नागरिकों से अपने घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। गांव को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श बनाने के लिए सभी का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
एडीसी ने कहा कि कचरे का उचित पृथक्करण न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि इससे कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलता है। गीले कचरे से खाद तैयार की जा सकती है, जबकि सूखे कचरे को रिसाइकल कर दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। इससे कचरे की मात्रा में कमी आती है और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है।
उन्होंने आगे बताया कि स्वच्छ वातावरण से बीमारियों में कमी आती है तथा लोगों के स्वास्थ्य में सुधार होता है। स्वच्छ गांव न केवल रहने योग्य बनते हैं, बल्कि वे सामाजिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छता अपनाकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। एडीसी ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था से गांव साफ-सुथरे रहेंगे और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को कचरा संग्रहण एवं कचरा प्रबंधन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जागरूक किया।
