सीजेएम प्रवेश सिंगला ने किया जिला सैनिक बोर्ड स्थित लीगल ऐड क्लीनिक का दौरा
सिरसा, 09 अप्रैल।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवेश सिंगला ने वीरवार को जिला सैनिक बोर्ड स्थित लीगल ऐड क्लिनिक का दौरा किया। इस अवसर पर क्लिनिक में ड्यूटी पर तैनात पीएलवी (एक्स सर्विसमैन) गुरवैल सिंह भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की वीर परिवार सहायता योजना 2025 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सैनिकों के परिवारों को नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए पब्लिसिटी सामग्री भी वितरित की गई।
प्रवेश सिंगला ने बताया कि सिरसा जिले के 12 अन्य गांवों में भी लीगल ऐड क्लिनिक स्थापित किए गए हैं, जहां पैनल अधिवक्ता और पीएलवी द्वारा आमजन को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि इस नंबर पर संपर्क कर कोई भी व्यक्ति कानूनी सलाह प्राप्त कर सकता है।
