शहरों को स्वच्छ बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं नागरिक : डीएमसी
झज्जर, 05 मई । डीएमसी अभिनव सिवाच ने कहा कि प्रदेश सरकार की “नई सोच-नया शहर,स्वच्छ हरियाणा” मुहिम के तहत नगर परिषद झज्जर व बहादुरगढ़ तथा नगरपालिका बेरी क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 15 मई तक लगातार चलेगा, जिसका उद्देश्य सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।
उन्होंने बताया कि शहरी निकायों में आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए आंगनबाड़ी वर्कर और शहरी स्थानीय निकाय स्टाफ सदस्यों के सहयोग विभिन्न जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जिनमें सफाई अभियान, जनसंवाद, रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। नगर परिषद व नगरपालिका की टीमें अन्य विभागों के साथ मिलकर ये संदेश घर-घर जाकर लोगों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के बारे में जागरूक कर रही हैं। इसमें आंगनवाड़ी वर्करों का भी विशेष सहयोग लिया जा रहा है।
डीएमसी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग मिलकर सहयोग करें, तो शहरों को साफ-सुथरा रखना आसान हो जाएगा। उन्होंने बेरी,बहादुरगढ़ और झज्जर शहरवासियों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नई सोच-नया शहर,स्वच्छ हरियाणा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अपने आसपड़ोस के क्षेत्र को स्वच्छ रखें।
