जनगणना 2027: आज से 30 अप्रैल तक नागरिक घर बैठे स्वयं दर्ज करें डाटा
सिरसा, 16 अप्रैल। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि आज 16 अप्रैल से जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया 30 अप्रैल तक चलेगी। पूर्ण विवरण भरने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जब घर पर प्रगणक आए तब उन्हें यह आईडी बताने पर आपका डाटा स्वयं ही दिखाई देगा। स्व-गणना प्रक्रिया न केवल सरल माध्यम है बल्कि नागरिक द्वारा डाटा स्वयं भरे जाने पर पारदर्शिता के साथ-साथ नागरिक सटीक जानकारी उपलब्ध होगी।
वीरवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल एसइडोटसेन्ससडोटजीओवीडोटइन पर जाकर स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म में कुल 34 प्रश्न पूछे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हाउस लिस्टिंग का कार्य एक मई से 30 मई तक चलेगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन की पूरी तैयारी है। इस कार्य के लिए कुल 11 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि जिले को 2121 गणना खंडों में विभाजित किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 2545 प्रगणक और 389 पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने जिला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय रूप से भाग लें और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि देश के विकास की भविष्य की योजनाएं बेहतर तरीके से बनाई जा सकें।
यह है स्व-गणना की आसान प्रक्रिया:
सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल (एसइडॉटसेंससडॉटजीओवीडॉटइन - se.census.gov.in) पर जाएं। इसके बाद अपने मोबाइल नंबर से ओटीपी द्वारा लॉगिन करें। अपना राज्य, जिला और स्थानीय क्षेत्र चुनें। डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें। इसके बाद मकान एवं परिवार से संबंधित पूर्ण जानकारी भरें। तत्पश्चात सबमिशन करें। सबमिशन के बाद एक एसई आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखें और प्रगणक आने पर यह आईडी उनके साथ साझा करें। इसके बाद प्रगणक आप द्वारा दर्ज की गई जानकारी की पुष्टि करेंगे। यह जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी।
