Breaking : शीतला मंदिर में भीड़ बेकाबू, भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत
घटना के बाद मंदिर परिसर से लेकर अस्पताल तक अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्रशासन मौके पर राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना के कमिश्नर को बिहारशरीफ भेजा गया है, वहीं मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
भगदड़ के कारणों को लेकर कोई बयान जारी नहीं
आज चैत्र माह का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शन के लिए लोगों का आना शुरू हो गया था और धीरे-धीरे परिसर खचाखच भर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दर्शन करने की होड़ में श्रद्धालुओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में बड़े हादसे का रूप लेती हुई भगदड़ में बदल गई। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक भगदड़ के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सभी मृतक महिलाएं, केवल दो की पहचान हुई
इस हादसे में जिन लोगों की जान गई, वे सभी महिलाएं हैं। अब तक हुई पहचान के अनुसार शकुंत बिहार निवासी दिनेश रजक की 50 वर्षीय रीता देवी और नूरसराय के रहने वाले कमलेश प्रसाद की 45 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। बाकी पीड़ितों की पहचान करने की कोशिशें अभी जारी हैं। इस बीच, छह से ज्यादा गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल में चल रहा है।
भारी पुलिस बल तैनात
हादसे की जानकारी मिलते ही SDPO समेत जिले के सीनियर अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे हैं। हालात पर काबू पाने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दीप नगर पुलिस थाने के जवान, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। मंदिर परिसर को खाली कराया जा रहा है। मंदिर प्रशासन की ओर से अभी तक इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
