बेरी समाधान शिविर बना शिकायतों के निदान का केंद्र

 
बेरी समाधान शिविर बना शिकायतों के निदान का केंद्र

बेरी (झज्जर), 13 अप्रैल। समाधान शिविर नागरिकों की समस्याओं के समाधान में अपने मूल उद्देश्य की पूर्ति करते हुए नागरिकों को तुरन्त राहत प्रदान कर रहे हैं। सोमवार को बेरी लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम रेणुका नांदल ने नागरिकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान गांव दुजाना निवासी नवीन सैनी ने मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण नहीं होने की समस्या रखी। एसडीएम रेणुका नांदल ने कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही तुरंत उसकी समस्या का समाधान करवा दिया। इस उपरांत शिकायतकर्ता ने भी शिकायत का निवारण होते ही एसडीएम रेणुका नांदल सहित प्रशासन का आभार जताया।

इसके अलावा सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में काफी संख्या में नागरिक समस्याएं लेकर पहुंचे। एसडीएम ने हर व्यक्ति की बात बेहद गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर में शिकायतें सुनने के दौरान एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर शिकायतों के निदान का केंद्र बन रहे हैं। समाधान शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, और सामाजिक कल्याण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रमुख तौर से प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, जमीन का पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, वाहन पंजीकरण, अवैध कब्जे आदि शिकायतें रखी गई ।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला,पशुपालन विभाग से डॉ ऋषिपाल, जेई पीडब्ल्यूडी प्रवीण अहलावत, जेई बिजली निगम योगेश कुमार,  जनस्वास्थ्य विभाग से प्रवीण कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।