Petrol Pump पर लाइन से परेशान बैंककर्मी, घोड़े पर पहुंचा ऑफिस; वीडियो हुआ वायरल 

 
Bank Employee Arrives at Office on Horseback
मध्यप्रदेश में प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। फिर भी अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लग रही हैं। देवास में एक बैंक कर्मचारी ने लंबी लाइन देखकर पेट्रोल नहीं भरवाया। वह अपनी बुलेट घर छोड़कर घोड़े पर सवार होकर ऑफिस पहुंच गया। घोड़े पर जाते हुए उसका वीडियो लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया।

घोड़े पर ऑफिस पहुंचा बैंककर्मी

देवास के राधागंज क्षेत्र में रहने वाले गोपाल ठाकुर ने बताया कि वो एक फायनेंस बैंक में काम करते हैं। मंगलवार को ऑफिस से लौटते वक्त बुलेट में पेट्रोल डलवाना था लेकिन पेट्रोल पंप पर बहुत भीड़ थी, सोचा सुबह डलवा लूंगा और लौट आया। बुधवार सुबह जब बुलेट लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा तब भी लोगों की काफी भीड़ थी। उन्हें वक्त पर ऑफिस पहुंचना था और बुलेट में इतना पेट्रोल नहीं था, इसलिए वो बुलेट से वापस घर पहुंचे और बुलेट घर पर रखकर घोड़े से ऑफिस पहुंच गए। 

गोपाल ठाकुर ने बताया कि वो राधागंज में रहते हैं और उनका ऑफिस जवाहर नगर में है। देवास की सड़कों पर जब गोपाल घोड़े से ऑफिस जाने के लिए निकले तो लोग हैरान रह गए और अपने मोबाइल से उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

पंप पर लाइन को लेकर विवाद

देवास जिले के चौबाराधीरा में देवली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार रात 9.30 बजे डीजल-पेट्रोल लेने पहुंचे किसानों के बीच विवाद हो गया, जिसमें मारपीट भी हुई और लात घूंसे भी चले। बताया जा रहा है कि चौबाराधीरा के पेट्रोल पंप पर मंगलवार रात को किसान बड़े-बड़े ड्रम लेकर कतार में खड़े थे। इसी दौरान ड्रम की लाइन को लेकर विवाद हो गया और मारपीट हो गई।

पेट्रोल पंप पर किसानों के बीच मारपीट की होने से कुछ देर के लिए पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में किसी तरह लोगों ने किसानों को समझाकर किसानों को विवाद खत्म कराने का प्रयास किया और सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई जिसने स्थिति को नियंत्रित किया।