आईटीआई गुरुग्राम में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
गुरुग्राम : कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम में बुधवार को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन संस्थान के प्रिंसिपल रविंद्र यादव के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों, विश्वविद्यालयों, उद्योग संगठनों तथा संस्थानों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज वाई. विजयसिम्हा रेड्डी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत युवाओं को मिलने वाले प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, पात्रता, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया तथा योजना के विभिन्न लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में बताया गया कि योजना के तहत प्रतिष्ठित कंपनियों में 6 से 9 माह की पेड इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही आयु सीमा 21 से 25 वर्ष तथा अधिकतम 12 लाख रुपये वार्षिक पारिवारिक आय संबंधी पात्रता मानदंडों की भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
प्रिंसिपल रविंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं को नई संभावनाओं और कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होंगी।
