नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर झज्जर में जागरूकता अभियान तेज, दूसरे दिन भी गांव-गांव पहुंचीं भजन मंडलियां

 
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर झज्जर में जागरूकता अभियान तेज, दूसरे दिन भी गांव-गांव पहुंचीं भजन मंडलियां

झज्जर, 15 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए झज्जर जिले में चल रहा व्यापक प्रचार अभियान दूसरे दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा की भजन मंडलियां ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पारंपरिक लोक शैली के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, अवसरों तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक कर रही हैं।


सूचना,जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग के निर्देशानुसार तथा डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत दूसरे दिन भी विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभाग की नियमित व सूचीबद्ध भजन मंडलियों ने गीत-संगीत और लोक प्रस्तुतियों के जरिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम की विशेषताओं को सरल भाषा में ग्रामीणों तक पहुंचाया, जिससे महिलाओं में जागरूकता और उत्साह देखने को मिला।


 प्रचार अभियान के दूसरे दिन बुधवार को अशोक एवं पार्टी ने गांव बालौर व सिद्धिपुर, सतबीर एवं पार्टी ने गांव बराणी व आजाद नगर, रामवीर एवं पार्टी ने फोर्टपुरा व अमादलपुर तथा पूनम एंड भजन पार्टी ने बामडोला व लाडपुर में प्रचार अभियान चलाया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने भाग लिया और अधिनियम के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, जिसके तहत ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और शहरी निकायों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इस महत्वपूर्ण अधिनियम की जानकारी पहुंचाई जा सके।