राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत वीसीपी और एफपीओ के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित
सिरसा, 12 मई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा पंचकूला द्वारा संचालित राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन की उपयोजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के दौरान जिले के किसानों को प्रमाणित मूंगफली व अरंडी के बीज वितरण के लिए वैल्यू चेन पार्टनर (वीसीपी) तथा किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का चयन जिला कार्यकारी समिति (ष्ठश्वष्ट) सिरसा द्वारा किया जाएगा। इसके लिए पात्र संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन करने वाली कंपनी अधिनियम अथवा सहकारी समिति अधिनियम के तहत पंजीकृत होनी चाहिए। जिस जिले में क्लस्टर बनाया जाना है, वहां कार्य करने का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। एफपीओ अथवा सहकारी समिति में न्यूनतम 200 किसान पंजीकृत होने चाहिए। साथ ही पिछले तीन वर्षों में वार्षिक टर्नओवर औसतन 9 लाख रुपये से अधिक होना चाहिए। इसके अलावा एफपीओ के किसानों द्वारा कम से कम 3 लाख रुपये की इक्विटी भी होनी चाहिए तथा सरकार द्वारा किसी भी इक्विटी ग्रांट के प्राप्तकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उप निदेशक डॉ. सुखदेव सिंह ने बताया कि इच्छुक संस्थाएं एवं एफपीओ अपनी संस्था की प्रोफाइल, अनुभव प्रमाण पत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन पत्र कार्यालय उप निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, सिरसा में 19 मई सायं 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7015367892 पर संपर्क किया जा सकता है।
