राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत मूंगफली बीज वितरण हेतु वीसीपी व एफपीओ से आवेदन 20 तक

 
राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत मूंगफली बीज वितरण हेतु वीसीपी व एफपीओ से आवेदन 20 तक

भिवानी, 12 मई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. विनोद फोगाट ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत खरीफ सीजन 2026-27 में जिले के किसानों को प्रमाणित मूंगफली बीज उपलब्ध करवाने के लिए वैल्यू चेन पार्टनर्स एवं किसान उत्पादक संगठनों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।


उन्होंने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा पंचकूला के निर्देशानुसार चयनित संस्थाओं के माध्यम से किसानों को प्रमाणित ग्राउंडनट सीड का वितरण किया जाएगा। इसके लिए आवेदनकर्ता संस्था का कंपनी अधिनियम या सहकारी समिति अधिनियम के तहत पंजीकृत होना तथा कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है।


डॉ. फोगाट ने बताया कि वीसीपी/एफपीओ के लिए न्यूनतम 200 किसानों का पंजीकरण आवश्यक है और पिछले तीन वर्षों में वार्षिक औसत टर्नओवर कम से कम 9 लाख रुपये होना चाहिए। एफपीओ के लिए किसानों की न्यूनतम 3 लाख रुपये की इक्विटी भी अनिवार्य रखी गई है। सरकार से इक्विटी ग्रांट प्राप्त संस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।


उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया जिला तिलहन मिशन एवं जिला कार्यकारी समिति (ष्ठश्वष्ट) द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर की जाएगी। जिला भिवानी में कार्यरत पंजीकृत एफपीओ, बीज वितरण नेटवर्क वाले अनुभवी वैल्यू चेन पार्टनर्स एवं इच्छुक संस्थाएं अपने संगठन की प्रोफाइल, अनुभव प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन संबंधित उपमंडल कृषि अधिकारी के माध्यम से उपनिदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भिवानी कार्यालय में 20 मई सायं 5 बजे तक जमा करवा सकते हैं।


डॉ. विनोद फौगाट ने बताया कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त या अधूरे आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता संबंधी शर्तें संबंधित उपमंडल कृषि अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाकर तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।