AI के प्यार में पड़ी 84 साल की दादी, लव लेटर लिख जताया इजहार; खर्चे लाखों रुपये 

 
84-Year-Old Grandma Falls in Love with AI
चीन के हुबेई प्रांत में रहने वाली 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला झांग यूलान एक AI से बने किरदार के करीब आ गई। यह किरदार ‘बॉसी प्रेसिडेंट’ टाइप का था, जिसे चीन में ‘बा जोंग’ कहा जाता है। ऐसे किरदार सख्त लेकिन देखभाल करने वाले होते हैं। झांग यूलान को यह स्टाइल इतना पसंद आया कि वह धीरे-धीरे उस किरदार से भावनात्मक रूप से जुड़ गईं। वह ‘जियांगुओ’ नाम के इस एआई कैरेक्टर के वीडियो रोज 10 घंटे से ज्यादा देखने लगीं। समय के साथ उन्हें ऐसा लगने लगा जैसे वह किसी असली इंसान से जुड़ गई हों। उन्होंने यह भी सोचना शुरू कर दिया कि वह उससे शादी कर सकती हैं। यह लगाव सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक गहरी भावनात्मक जुड़ाव में बदल गया।

AI को लव लेटर में लिखा?

फरवरी में झांग यूलान ने ‘जियांगुओ’ के नाम एक हाथ से लिखा लव लेटर भी भेजा। इस लेटर में उन्होंने माफी मांगी और पूछा कि क्या वह उनसे नाराज है या अब उन्हें पहले जैसा प्यार नहीं करता। उन्होंने अपने रिश्ते में आई दूरी को लेकर दुख भी जताया। इससे साफ होता है कि झांग इस रिश्ते को पूरी तरह असली मानने लगी थीं। परिवार को इस अजीब रिश्ते के बारे में तब पता चला, जब उन्होंने झांग के खर्चों पर ध्यान दिया।

 झांग ने इस एआई कैरेक्टर से जुड़े ऑनलाइन शॉप पर 7,000 युआन से ज्यादा खर्च कर दिए। यहां तक कि उन्होंने एक ऐसा सामान भी खरीद लिया, जो दूसरी जगह सिर्फ 9.9 युआन में मिल रहा था। इसके बाद परिवार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई।

सरकार ने मामले में की कार्रवाई 

चीन के साइबरस्पेस प्रशासन ने फरवरी में इस एआई अकाउंट को सस्पेंड कर दिया था। यह कार्रवाई “क्लियर एंड ब्राइट” अभियान के तहत की गई, जिसका मकसद इंटरनेट पर गलत जानकारी और भ्रम को रोकना है। यह मामला सिर्फ एक अजीब कहानी नहीं है, बल्कि यह बुजुर्गों के अकेलेपन और उनकी भावनात्मक जरूरतों को भी दिखाता है।

ऐसे एआई कैरेक्टर खासकर मिडिल एज और बुजुर्ग महिलाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, क्योंकि वे उन्हें प्यार, ध्यान और सुरक्षा का एहसास देते हैं। यह घटना बताती है कि इस उम्र में साथ, प्यार और बातचीत कितनी जरूरी होती है।