सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की सभी तैयारियां पूरी : सीईओ

 
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की सभी तैयारियां पूरी : सीईओ
झज्जर, 10 मई।   सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार 11 मई को जिला स्तर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा,जिसके लिए डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
 इस संबंध में सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट ने रविवार को  आयोजन स्थल बाबा प्रसादगिरी मंदिर परिसर का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा तथा जिला स्तर पर इसका आयोजन बाबा प्रसादगिरी मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी। कलश यात्रा उपरांत मंदिर में शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे उपस्थित श्रद्धालु लाइव देख और सुन सकेंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का वातावरण बनेगा।
उन्होंने बताया कि पर्व के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर #ChaloChaleinSomnath और #SomnathSwabhimanParv जैसे हैशटैग्स के जरिए युवा अपनी आस्था को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकेंगे। यह पर्व न केवल सोमनाथ की ऐतिहासिक गाथा को दोहराएगा, बल्कि अमृत काल में भारत की सांस्कृतिक एकता और अखंडता को भी एक नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कार्यक्रम में आमजन से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।
इस अवसर पर बाबा प्रसादगिरी मंदिर से मृतुन्जय गिरी महाराज,सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार,शिक्षा विभाग से प्रवक्ता संजय शर्मा,डॉ अशवनी कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।