अतिरिक्त उपायुक्त ने आदमपुर मंडी का किया निरीक्षण, फसल खरीद व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

 
अतिरिक्त उपायुक्त ने आदमपुर मंडी का किया निरीक्षण, फसल खरीद व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
हिसार, 07 अप्रैल: अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने मंगलवार को आदमपुर मंडी का निरीक्षण कर फसल खरीद को लेकर की गई तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने मंडी में पहुंचकर खरीद केंद्रों, तौल व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता तथा उठान प्रक्रिया की स्थिति की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसल का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि मंडी में अनावश्यक भंडारण न हो और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक किसान की फसल की खरीद से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण सुनिश्चित किया जाए। 

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के तहत ही पूरी की जाएं। अतिरिक्त उपायुक्त ने मंडी में किसानों के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही पूरे कर लिए जाएं।

इसके अतिरिक्त उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मंडी का निरीक्षण करें और व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखें, ताकि गेहूं खरीद प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।