एडीसी ने देसूजोधा खरीद केंद्र का किया निरीक्षण, फसल खरीद प्रक्रिया व लिफ्टिंग तथा सुविधाओं का लिया जायजा

 
एडीसी ने देसूजोधा खरीद केंद्र का किया निरीक्षण, फसल खरीद प्रक्रिया व लिफ्टिंग तथा सुविधाओं का लिया जायजा
सिरसा, 15 अप्रैल। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बुधवार को गांव देसूजोधा फसल खरीद केंद्र का दौरा कर खरीद प्रक्रिया व किसानों को दी जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गेहूं की खरीद के साथ-साथ नमी की मात्रा, वजन और उठान प्रक्रिया का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अलावा उन्होंने गेहूं की लिफ्टिंग कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लिफ्टिंग कार्य में और तेजी लाई जाए ताकि किसान जब मंडी में फसल लाए तब उन्हें कोई समस्या न हो। इसके अलावा उन्होंने खरीद केंद्र पर बिजली, पानी, बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
210637 मीट्रिक टन की हुई खरीद

जिला की मंडियों व खरीद केंद्रों पर 14 अप्रैल तक दो लाख 10 हजार 637 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद हो चुकी है और 9874 मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का उठान भी हो चुका है। कुल 24 हजार 421 से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।

--------------

एडीसी ने देसूजोधा खरीद केंद्र का किया निरीक्षण, फसल खरीद प्रक्रिया व लिफ्टिंग तथा सुविधाओं का लिया जायजा
 

नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत किया जागरूक

सिरसा, 15 अप्रैल। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा की भजन पार्टियों ने बुधवार को जिले के गांव मोरीवाला, राजपुरा व बनवाला में ग्रामीणों को ’नारी शक्ति वंदन’ अभियान के तहत जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का महत्व बताया और इनके लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

गांव बनवाला व राजपुरा में लीडर भजन पार्टी लाला राम व जुगती राम तथा गांव मोरीवाला में लीडर भजन पार्टी रविंद्र कुमार व रामपाल ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित विभिन्न सरकारी योजनाओं को गीतों के माध्यम से सरल तरीके से प्रस्तुत किया।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए लाडली योजना, आपकी बेटी हमारी बेटी योजना, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर योजना (सखी केंद्र), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पोषण अभियान, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और सामाजिक सम्मान को बढ़ावा देना है।

--------------
 

नागरिकों को मिलेगी 16 से 30 अप्रैल तक स्व-जनगणना की सुविधा

सिरसा, 15 अप्रैल। जनगणना 2027 के तहत नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-जनगणना की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसके माध्यम से लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इस पहल से प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी। इसके बाद जिले में हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस का कार्य 1 मई से 30 मई तक निर्धारित किया गया है।

नगराधीश अजय सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने से ही योजनाओं का लाभ आमजन तक सही तरीके से पहुंच सकेगा। सीटीएम  अजय सिंह ने बताया कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना का कार्य सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 11 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों की निगरानी में पूरे जिले में जनगणना प्रक्रिया संचालित होगी। उन्होंने बताया कि नगर परिषद सिरसा व डबवाली, नगर पालिका कालांवाली, रानियां और ऐलनाबाद सहित प्रत्येक तहसील को एक चार्ज के रूप में निर्धारित किया गया है, जहां गणना कार्य किया जाएगा।