दस हजार की रिश्वत लेते दरोगा थाने में ही गिरफ्तार, एसीबी की टीम ने की छापेमारी

 
 दस हजार की रिश्वत लेते दरोगा थाने में ही गिरफ्तार, एसीबी की टीम ने की छापेमारी

मेरठ: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने पल्लवपुरम थाने में तैनात दरोगा छत्रपाल सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. आरोपी दरोगा वर्ष 2023 बैच का है. इस प्रकरण की चर्चा पुलिस महकमे में बनी हुई है. शिकायत थी कि दरोगा छत्रपाल केस में राहत देने और मुकदमे को सेटल करने के बदले मोटी रकम की डिमांड कर रहा था.

एंटी करप्शन टीम के अनुसार, दरोगा छत्रपाल सिंह पल्लवपुरम थाने की तीसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में रिश्वत की रकम ले रहा था. वह एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक पुराने मुकदमे को रफा-दफा करने के नाम पर पीड़ित से पैसों की मांग कर रहा था. जैसे ही पीड़ित ने उसे ₹10,000 थमाए, पहले से जाल बिछाकर बैठी एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. आरोपी छत्रपाल सिंह 2023 बैच का दरोगा है, जो ग्राम लाभेड़ा दुर्गाप्रसाद, मीरगंज, जनपद बरेली का रहने वाला है. आरोपी दरोगा की तैनाती वर्तमान में थाना पल्लवपुरम, मेरठ में है.

​शिकायतकर्ता मेडिकल थाना क्षेत्र का निवासी है, जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था. दरोगा छत्रपाल इस केस में राहत देने और मुकदमे को सेटल करने के बदले मोटी रकम की डिमांड कर रहा था. परेशान होकर पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से इस कार्रवाई को अंजाम दिया. ​थाने के भीतर हुई इस छापेमारी से पुलिस कर्मियों में अफरातफरी मच गई. जिले में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.

आरोपी दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर कंकरखेड़ा थाना में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. ​मेरठ में लगातार पुलिसकर्मियों पर गिरती एंटी करप्शन की गाज ने विभाग के भीतर अनुशासन और ईमानदारी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.