Aaj Ka Mausam 4 January 2026: देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम, कई इलाकों में होगी झमाझम बारिश, कहीं पर कोहरे का कहर, देखें मौसम पूर्वानुमान

 
IMD Weather Alert: देश के इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, उत्तर भारत में ठंड का अलर्ट, देखें आज का मौसम पूर्वानुमान

Aaj Ka Mausam 4 January 2026: दिल्ली से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक कई राज्यों में कोहरे और शीतलहर का कहर जारी है। हल्की बर्फबारी और बारिश का लुत्फ उठाने के लिए हिमालयी राज्यों में पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है, हालांकि, स्थानीय लोगों के लिए यह मुसीबत साबित हो रही है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत में अगले सात दिनों के लिए घने कोहरे, शीतलहर और शीतदिवस की चेतावनी जारी की है।

जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में उत्तर भारत के राज्यों में मौसम के तेवर काफी कड़े रहने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है।

मैदानी राज्य (पंजाब, हरियाणा और राजस्थान) पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह सकती है। राजस्थान के उत्तरी भागों में शीतलहर (Cold Wave) चलने और पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले दिनों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने रविवार के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जहां 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 267 रहा। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 1.2 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान के स्टेशनवार आंकड़ों से पता चला कि पालम में 15.8 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 17.6 डिग्री सेल्सियस, रिज में 16.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी है। कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर, विशेषकर देर रात और सुबह के समय, घना से बेहद घना कोहरा छाया नजर आ रहा है, जिससे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दृश्यता प्रभावित हुई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक लखनऊ में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है, जबकि दिन में आसमान आंशिक रूप से साफ रहने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 18 डिग्री सेल्सियस और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर घना से बेहद घना कोहरा छाने की प्रबल संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा हो सकता है।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान के अनेक इलाकों में नए साल के पहले हफ्ते में जारी कड़ाके की ठंड के बीच बीते 24 घंटे में अनेक इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई। सुबह अनेक जगह घना कोहरा छाया रहा। मौसम केंद्र जयपुर ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं शीतलहर चली। साथ ही पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं घना एवं अत्यधिक घना कोहरा रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में (23 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में (2.8 डिग्री सेल्सियस) रहा। मौसम केंद्र ने बताया कि राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा बीकानेर, जयपुर एवं भरतपुर संभाग के कुछ भागों में कुछ दिन सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में है और मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले हफ्ते राज्य के सात जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की आशंका जताते हुए ‘येलो वार्निंग’ जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री नीचे और कल्पा में शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया कि किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति जिलों में छह जनवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बर्फबारी होगी। विभाग ने चार से सात जनवरी तक सुबह के दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में छिटपुट स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की ‘येलो वार्निंग’ जारी की।