जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर निकाली जाएगी पदयात्रा

 
जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर निकाली जाएगी पदयात्रा
हिसार, 13 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर जिले में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा रैली और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रदेश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विभिन्न जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां आरंभ की जा चुकी हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा वीसी के माध्यम से आयोजित बैठक के उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान में टाउन हॉल बैठक, महिला सम्मेलन, पदयात्रा एवं सामाजिक गतिविधियां शामिल होंगी।
उन्होंने सभी विभागों के समन्वित प्रयास, प्रभावी क्रियान्वयन और सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि यह अभियान महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने और समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक तथा विद्यार्थियों की प्रतिभागिता रहेगी। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला विचारकों द्वारा प्रेरक लेख और विचार भी प्रकाशित किए जाएंगे। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा जन जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां और कला आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रमुख स्थानों पर नारी शक्ति वॉल स्थापित की जाएगी, जहां महिलाएं अपने विचार व्यक्त कर सकेंगी और इस पहल के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगी। नगर निगम, नगर परिषद, नगरपालिका और पंचायती राज संस्थाएं इस अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित करेंगी, जिन्हें उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।